थानाभवन में शव को लेकर कीचड़ के बीच से जाते लोग। लोग
थानाभवन। कस्बे में नगर पंचायत की साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था की हकीकत शनिवार को उस समय सामने आई, जब दयाल आश्रम के पास रहने वाली नीतू सैनी की अंतिम यात्रा को श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।
नीतू सैनी पत्नी डॉ. संदीप सैनी का बुखार के चलते शनिवार को निधन हुआ। परिजन और मोहल्लेवासी जब अर्थी लेकर श्मशान घाट की ओर निकले तो रास्ते में जलभराव और कीचड़ था। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ा। स्थानीय निवासी दीपक कुमार, मनीष कुमार का कहना है कि श्मशान घाट जाने वाला यह रास्ता लंबे समय से बदहाल है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नगर पंचायत की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
मामला संज्ञान में नहीं है। नगर पंचायत के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। - आलोक यादव, जिलाधिकारी
नवीन गोयल का शव भी एंबुलेंस से ले जाना पड़ा
थानाभवन। बृहस्पतिवार को मोहल्ला कानूनगोयान निवासी व्यापारी नवीन गोयल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उस समय भी श्मशान घाट तक जाने वाले रास्ते पर कीचड़ भरा होने के कारण लोगों को शव एंबुलेंस में रखकर श्मशान घाट तक ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा था।