शामली। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को शहर के बैंकों और एटीएम पर जबरदस्त भीड़ नजर आई। कुछ बैंकों में कैश नहीं मिल सका, जिसके कारण लोगों को मायूसी ही हाथ लगी। वहीं, एटीएम भी कोई राहत नहीं दे सके।
लोग कैश के लिए सुबह ही बैंकों और एटीएम के बाहर लाइन लगाकर खडे़ हो गए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैंकों में कैश ना होने पर लोग एटीएम की ओर दौड़ पड़े। एटीएम पर कैश डलने से पहले ही लाइनों में लोग खडे़ नजर आए। कुछ बैंकों पर टोकन लेने के लिए जमकर भीड़ रही। एसबीआई, पीएनबी, इलाहाबाद, इंडियन बैंक के बाहर भारी भीड़ रही।
जिसमें एसबीआई में ग्राहकों को दस हजार और इलाहाबाद में केवल चार हजार रुपये ही दिए गए। पीएनबी में छह हजार व इंडियन में 10 हजार तो इंडियन ओवरसीज में सप्ताह में एक बार में ही 24 हजार दिए गए। इंडियन बैंक एटीएम व कार्पोरेशन एटीएम पर भी सुबह से ही युवाओं की कैश निकालने के लिए भीड़ उमड़ी रही।
वहीं, दो दिन बाद भी शहर के सर्व यूपी ग्रामीण बैंक और इलाहाबाद बैंक कुड़ाना में भी कैश नहीं मिल सका। जिसके बाद आसपास के गांव से आए लोग काम छोड़ने के बाद भी कैश ना मिलने से मायूस होकर ही लौटना पड़ा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में 46 दिन बाद भी कैश में सुधार न होने से रोष दिखाई दिया।