शामली। सीबीएसई इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित होने पर छात्र-छात्राओं में खुशी छा गई। शामली के सेंट आरसी कांवेंट स्कूल की छात्रा तनु देशवाल 97.2 प्रतिशत अंक पाकर जिला टॉपर बनीं।
शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने पूर्व निर्धारित समय से पहले ही इंटरमीडिएट का रिजल्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया था। इसके बाद ही स्कूलों में छात्र छात्राओं ने अपना रिजल्ट निकलवाना शुुरू कर दिया।
रिजल्ट में सफलता प्राप्त करने पर छात्र छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। छात्र छात्रा खुशी के मारे झूम उठे। अपने सहपाठियों को मिठाई खिलाकर सफलता की खुशी मनाई गई।
टॉपर के निर्धारण मंे बनी रही ऊहापोह की स्थिति
शामली। सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट घोषित होने के बाद जिला टॉपर को लेकर सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल और सेंट आरसी कांवेंट स्कूल के बीच विवाद की स्थिति बन गई। दोनों ही स्कूल अपने अपने दावे करने लगे, लेकिन बाद में सीबीएसई के मानकों को ध्यान में रखते हुए सेेंट आरसी की तनु देशवाल को ही जिला टॉपर मान लिया गया।
दरअसल, इंटरमीडिएट में पांच विषय होते हैं, लेकिन एक एडिशनल (स्वेच्छिक) विषय भी शामिल किया जाता है। रिजल्ट जारी होने के बाद सेंट आरसी कांवेंट स्कूल ने दावा किया कि उनके स्कूल का नमन नामदेव 97.8 प्रतिशत अंक पाकर जिला टॉपर बना है, लेकिन उसके नंबरों की गणना करने में नियमित विषय भाषा (हिन्दी/अंग्रेजी) के नंबर नहीं जोड़े गए, क्योंकि उसमें नमन के 84 अंक आए थे। वहीं, सिल्वर बेल्स स्कूल प्रबंधन ने दावा किया कि नियमित विषय के अंक जरूर जोड़े जाएंगे।
नमन के अंकों का प्रतिशत घटकर 95.6 पहुंच गया।
फिर सेंट आरसी स्कूल के प्रबंधन ने भी मान लिया कि नमन नामदेव के अंक मेरिट के हिसाब से 95.6 ही बनते हैं। हालांकि सेंट आरसी कांवेंट स्कूल की तनु देशवाल ही 97.2 प्रतिशत अंक मिलने पर जिला टॉपर चुनी गई।