शामली में बुधवार को भी झमाझम बारिश होने से लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर में कई जगह जलभराव होने से परेशानी भी बढ़ गई।
पिछले कई दिनों से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। बुधवार सुुबह आकाश में बादल छाए रहने हल्की धूप निकली। दोपहर तीन बजे के बाद अचानक काली घटा छा गई और बारिश शुरू हो गई। बारिश से फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, गांधी चौक, मिल रोड, नेहरू रोड, टंकी रोड, ब्लाक रोड, रेलपार रोड, माजरा रोड पर पानी भर गया। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, बारिश के दौरान तेज हवा चलने से वार की फसल गिर गई। जिससे किसानों को नुकसान पहुंचा है। बूंदाबांदी के बाद दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौ किमी हवा चलने से मौसम ठंडा हो गया है। उधर पूर्वी यमुना नहर खंड के जिलेदार अबुंज कुमार ने बताया कि मंगलवार को 50 एमएम और बुधवार को 68 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पिछले दो दिन में 118 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। शामली कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. पीके सिंह ने बताया कि बुधवार से लेकर रविवार तक बूंदाबांदी जारी रहेगी।
जर्जर हो चुकी थाने की बिल्डिंग, टूटकर गिरने लगा छत का हिस्सा
गढ़ीपुख्ता। कस्बे में थाने की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। उसकी छत से हिस्से टूटकर गिरने लगे हैं।
गढीपुख्ता थाने की पुरानी बिल्डिंग नगर पंचायत टंकी के प्रांगण में स्थित है, जो कि पिछले करीब बीस सालों से चल रहा है। बारिश के कारण अब थाने की छतें जर्जर हो गई हैं। इसके कारण किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है। जर्जर छत के कारण वहां मौजूद पुलिसकर्मियों व शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों में भी डर बना रहता है। थाने में 24 घंटे हैड मोहर्रिर की ड्यूटी रहती है। वहीं कार्यालय में कंप्यूटर, वायरलेस सेट, फोटो स्टेट मशीन सहित अन्य जरूरी कागजात रखे रहते हैं। बारिश के दौरान छतें टपकने से इनके खराब होने का भी डर बना रहता है। मंगलवार की शाम गढीपुख्ता निवासी नीरज सैनी व राजेश सैनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर नीरज सैनी ने राजेश सैनी के साथ गालीगलौज व मारपीट कर दी। राजेश सैनी अपने भाई योगेश सैनी के साथ थाने तहरीर देने पहुंचे थे, जब वे थाने के कार्यालय में बैठे थे तभी लिंटर के सीमेंट का एक टुकड़ा योगेश सैनी के सिर पर जा गिरा, जिससे वह घायल हो गया। आनन-फानन में पुलिसकर्मी घायल योगेश को लेकर एक निजी चिकित्सालय में पहुंचे जहां उसको उपचार दिया गया।
मंडी की दस दुकानों में भरा बारिश का पानी
शामली। बुुधवार की दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से शहर के भैंसवाल रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी की दस दुकानों में पानी भर जाने से गुड़ खांडसारी के सामान को भारी क्षति हुई हैं। मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश संगल ने बताया कि मंडी समिति की ओर से नालियों की सफाई नहीं कराई गई। बारिश होने से सारा पानी मंडी आढ़तियों की दुकानों में भर गया।