शामली। नए और पुराने संपूर्ण बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसान यूनियन कार्यकर्ताओं का कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना रविवार को भी जारी रहा। मामले में अफसरों के गंभीर न दिखाई देने से नाराज एक किसान कलक्ट्रेट में ही स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। संपूर्ण बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर किसान यूनियन कार्यकर्ताओं का कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना जारी है। आरोप है कि सरकार के आदेशों के बावजूद अफसरों किसानों की इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। इसी से नाराज धरना दे रहे कुड़ाना गांव निवासी 60 वर्षीया किसान जयपाल सिंह सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया।
उसका कहना था कि बकाया गन्ना भुगतान नहीं मिल रहा है, अफसर गंभीर नहीं है, ऐसी स्थिति में तो मर जाना बेहतर है। कुछ देर बाद ही किसान को यूनियन अध्यक्ष सवित मलिक ने समझा बुझाकर पानी की टंकी से नीचे उतारा। अध्यक्ष सवित मलिक ने कहा कि कलक्ट्रेट में पांच दिन से बेमियादी धरना चल रहा है। उन्होंने 20 जनवरी तक का समय दिया था, जो खत्म हो गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। सोमवार को कलक्ट्रेट में किसानों की महा पंचायत आयोजित की गई है। इसमें गन्ना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया जाएगा। राजेंद्र सिंह मलिक ने संपूर्ण बकाया भुगतान चीनी मिलों से कराने की मांग की है।
इस मौके पर मुख्य रूप से बुढ़ियान खाप के चौधरी जसवीर सिंह, कालखंडे खाप के चौधरी संजय कालखंडे, बहावड़ी थांबेदार श्याम सिंह, लांक थांबेदार रविंद्र मुखिया, सगीर त्यागी, इसरार त्यागी, अकलीम, फुरकान, बलवा के पूर्व प्रधान हासिम, अकबर अली, चौधरी श्याम सिंह, किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनोज पंवार, जयवीर सिंह कुड़ाना, भोपाल सिह, संजीव लिलौन, रणवीर सिंह, अकबर अली, श्याम सिंह गुर्जर, इसरार त्यागी मौजूद रहे। संचालन जगवीर सिंह फौजी ने किया।