थानाभवन (शामली)। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने शुक्रवार को क्षेत्र के गांव सोंटा रसूलपुर में पानी की टंकी के कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि क्षेेत्र में नदी किनारे दूषित पानी पीने वाले 20 गांवों में इसी तरह पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। ताकि, लोगों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से दूर रखा जा सके।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे कार्यक्रम में पहुंचे गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि जल निगम की ओर से करीब तीन करोड़ रूपये की लागत से इस टंकी का निर्माण कराया जाएगा। एक सप्ताह के भीतर काम शुरू हो जाएगा और एक साल से पहले लोगों को इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। अमूमन गरीब परिवारों को पानी का कनेक्शन लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए जल निगम की ओर से घर के बाहर तक लाइन दी जाएगी। जिसके बाद लोगों को सिर्फ लाइन से अपने घर के अंदर कनेक्शन लेना होगा। इस टंकी के निर्माण के बाद गांव की करीब 20 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। आज सभी विपक्षी दल धर्म के आधार पर राजनीति कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य की चिंता है। इसके अलावा भी नदी किनारे के 20 गांवों में भी इसी तरह से पानी की टंकी तैयार की जाएंगी। पंडित कृष्णपाल शर्मा ने हवन पूजन कराया। कार्यक्रम में जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके जैन, सहायक अभियंता योगराज सिंह, ओपी सिंह, खंड विकास अधिकारी डॉ पंकज कुमार, अवर अभियंता अमित कुमार, ग्राम प्रधान शादाब राव, ठाकुर जयपाल सिंह, ठाकुर नरोत्तम सिंह, हिंड प्रधान यासीन आदि रहे।