कैराना। चेतावनी बिंदु की ओर बढ़ रहे यमुना के जलस्तर में शनिवार को करीब आधा मीटर की गिरावट दर्ज की गई है। इससे खादर के किसानों को राहत मिलती दिख रही है।
दो दिन पूर्व पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना में 2 लाख 21 हजार 786 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था। जिसके बाद शुक्रवार को कैराना स्थित यमुना के जलस्तर में डेढ़ मीटर से अधिक वृद्धि दर्ज की गई थी। यमुना का जलस्तर चेतावनी बिंदु 231 मीटर से महज 25 सेमी नीचे रह गया था।
वहीं, खादर क्षेत्र में किसानों की फसलें भी जलमग्न हो गई थीं। इसके बाद हथिनीकुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़ने की मात्रा कम हो गई थी। जिस पर शनिवार को यमुना के जलस्तर में आधा मीटर की गिरावट आने के बाद बहाव 230.25 मीटर पर आ गया। शनिवार सुबह आठ बजे 15 हजार 877 क्यूसेक पानी यमुना नदी में डिस्चार्ज किया गया है। इससे खादर के किसानों को राहत मिलती नजर आ रही है। संवाद