कैराना। भाजपा का जांच दल बुधवार को जब कैराना में पहुंचा, तो चौक बाजार में दूसरे समुदाय के लोगों ने उन्हें रोककर कुछ बात कहनी चाही। जांच दल ने उनकी बात नहीं सुनी, तो युवकों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान भारत माता की जय, हिन्दुस्तान जिंदाबाद और कट्टरपंथी नहीं चलेगी, के नारे भी लगाए गए।
बुधवार दोपहर जिस समय भाजपा जांच दल का काफिला कैराना में चौक बाजार की तरफ जा रहा था। तभी चौक बाजार में मजलिस अहरारे इस्लाम के यूपी सदर मौहम्मद अली और कांग्रेस नेता आलम चौधरी के नेतृत्व में युवको ने टीम को रोक कर अपनी बात कहने का प्रयास किया। टीम नहीं रुकी, तो उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर आई और युवकों को समझाकर वहां से हटाया। इसके बाद भाजपा नेताओं का दल अग्रवाल धर्मशाला की तरफ चला गया।
कांग्रेसियों ने की भाजपा सांसद की निंदा
कैराना। मोहल्ला बिसातियान में युवा कांग्रेस के कैराना लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली के आवास पर कार्यकर्ताओं की मीटिंग हुई। उसमें वक्ताओं ने कहा कि पलायन की बात कर हिन्दू मुसलिमों को लड़ाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा सांसद द्वारा जारी हिन्दू परिवारों के पलायन की सूची प्रशासन के सत्यापन में निराधार पाई गई है। इस सूची में उन परिवारों के नाम भी हैं, जो 15 साल पूर्व दूसरे शहरों में चले गए। मुजफ्फर अली ने कहा कि भाजपा अपनी मानसिकता लोगों पर थोपना चाहती है, जो कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चौधरी आलम ने कहा कि कैराना में हिन्दू मुसलिम आपसी सदभाव से रहते हैं। इस दौरान चौधरी तनवीर जंग, खालिद चौधरी, तारिफ प्रधान, जुनैद, महताब, माजिद आदि मौजूद रहे।