शामली। मानसून के रूठ जाने से जिले में गन्ना-धान और ज्वार की फसल प्रभावित होने लगी है। धान और ज्वार की फसल बचाने के लिए किसानों को अतिरिक्त खर्च करके सिंचाई करनी पड़ रही है। पिछले कई दिनों से हवा चलने से दिन और रात का तापमान गिरा है, मगर उमस भरी गर्मी से लोगों को कोई राहत नहीं मिली है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी मानसून का थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। 14 जुलाई के बाद मानसून के आने की संभावना है।
जुलाई माह के 11 दिन बीत गए है, लेकिन मानसून का अभी तक अता-पता नहीं है। मानसून के न आने से उमस भरी गर्मी से लोग हाल बेहाल है। रविवार को हल्के बादल और हवा चलने के बावजूद उमस भरी गर्मी होने पूरे दिन लोग परेशान रहे। पिछले 24 घंटे में दिन का पारा तीन डिग्री और रात का पारा दो डिग्री सेल्सियस तापमान लुढ़क गया।
दिन का तापमान 34 और रात का 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया। पूरे दिन धूप निकलने से मौसम में उमस बनी रही। 23 किमी हवा चलने से मौसम में आम नागरिकों को राहत नहीं मिली। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. पीके सिंह का कहना है कि 14 जुलाई के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मानसून सक्रिय हो जाएगा। मानसून के बाद भारी बारिश के आसार है।
धान की रोपाई दस से लेकर पंद्रह प्रतिशत प्रभावित
शामली। कृषि वैज्ञानिकों की माने तो इस साल तीन साल बाद मानसून लेट हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून आने का समय पांच जुलाई से सात जुलाई तक माना गया है। इस साल मौसम और कृषि वैज्ञानिक 27 जून से 29 जून तक आने की संभावना कर रहे थे। जुलाई के 11 दिन बीत गए, मगर मानसून का कोई अता पता नहीं है। शामली कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विकास मलिक का कहना है कि दस बारह दिन मानसून लेट हो जाने से धान की रोपाई दस से लेकर पंद्रह प्रतिशत प्रभावित हो गई है। धान की फसल को बचाने के लिए किसान को पांच हजार रुपये प्रति बीघा से लेकर सात हजार रुपये तक अतिरिक्त सिंचाई का खर्चा होरहा है। अधिक तापमान होने से गन्ने की पत्तियां सफेद होकर सूख रही है। किसानों को गन्ने की फसल में रोग होने का भ्रम होरहा है। यदि मानसून ओर लेट हो गया तो धान का उत्पादन प्रभावित होगा।
11 दिन में दिन का आठ डिग्री गिरा पारा
शामली। जुलाई माह के 11 दिन में दिन का पारा आठ डिग्री और रात का पांच डिग्री लुढ़क गया। एक जुलाई को दिन का पारा 42 और रात का 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। 11 जुलाई दिन का पारा 34 डिग्री सेल्सियस, और रात का पारा 26 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। पिछले 11 दिन में दिन का पारा आठ डिग्री और रात का पांच डिग्री पारा लुढ़क गया है।
दिन-रात तापमान का आंकड़ा (डिग्री सेल्सियस में)
तिथि अधिकतम न्यूनतम
11 जुलाई 34 26
10 जुलाई 37 28
09 जुलाई 38 28
08 जुलाई 41 27
07 जुलाई 41 30
06 जुलाई 38 28
05 जुलाई 38 28
04 जुलाई 38 28
03 जुलाई 38 27
02 जुलाई 39 27
01 जुलाई 42 29