कैराना। 25 फरवरी से शुक्रतीर्थ से शुरू हुई गंगे च यमुने प्रकृति संरक्षण यात्रा के दौरान संतों, भाजपा तथा आरएसएस कार्यकर्ताओं ने यमुना घाट पर सफाई की। इसके बाद यमुना आरती की गई तथा प्रसाद वितरण हुआ।
मंगलवार शाम पांच बजे गंगे च यमुने प्रकृति संरक्षण यात्रा यमुना तट पर पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया और यमुना मैया के जयकारे लगाए। इसके बाद आरती की गई। आरएसएस के प्रांत संयोजक (पर्यावरण गतिविधि) डा. राम अवतार ने बताया कि गंगा व यमुना के जल को प्रदूषित होने से बचाने के लिए जागरूकता अभियान के तहत शुक्रतीर्थ से 25 फरवरी से गंगे च यमुने प्रकृति संरक्षण यात्रा का शुभारंभ किया गया। 17 मार्च को यात्रा नरौरा पहुंचेगी। साथ ही हथिनीकुंड से यमुना से प्रत्येक घाट पर सफाई करने के साथ ही आरती होगी। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के जिला संघचालक भगवती प्रसाद, जिला संयोजक देवेंद्र कुमार राणा, अंकुर भारद्वाज, स्वामी जगदेवानंद महाराज, स्वामी स्वरूपानन्द महाराज, भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल चौहान, जिला प्रचारक विराट, संदीप, आलोक आदि मौजूद रहे।
झिंझाना में हुआ यात्रा का स्वागत
शामली। गंगे च यमुने प्रकृति संरक्षण यात्रा का झिंझाना पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आर्य समाज मंदिर के प्रांगण में हवन तथा मंत्रोच्चारण से हुआ। स्वयंसेवकों ने पर्यावरण को शुद्ध करने तथा गंगा-यमुना को स्वच्छ व निर्मल बनाने के लिए संकल्प लिया। इसके बाद यात्रा कैराना के लिए रवाना हुई।