शामली। आरके पीजी काॅलेज में पूर्व राज्यपाल वीरेंद्र वर्मा एवं शिक्षा क्षेत्र के दानी चौधरी उदयवीर की प्रतिमाओं का अनावरण कैराना सांसद हुकुम सिंह, पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री सोमपाल शास्त्री, पूर्व सांसद चौधरी चंद्रपाल सिंह एवं पूर्व सासद हरेंद्र मलिक ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में वीरेंद्र वर्मा और चौधरी उदयवीर की शिक्षा क्षेत्र में दी गई सेवाआें को अमूल्य बताया गया।
रविवार को करनाल रोड स्थित आरके पीजी कालेज में महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डाक्टर सतेंद्र वर्मा एवं उनकी कालेज की टीम ने सांसद हुकम सिंह, सोमपाल शास्त्री, पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह, हरेंद्र मलिक, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल का स्वागत किया।
प्राचार्य कृष्णपाल सिंह ने बताया कि पूर्व राज्यपाल वीरेंद्र वर्मा ने वर्ष 1958 में महाविद्यालय की स्थापना की थी। चौधरी उदयवीर सिंह ने कृषि संकाय की मान्यता के लिए महाविद्यालय को 236 बीघा भूमि दान स्वरूप दी। सचिव उमेश कुमार ने महाविद्यालय में आउटडोर, इंडोर स्टेडियम की मांग की गई। सासंद हुकुम सिंह एवं पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री सोमपाल शास्त्री ने पूर्व राज्यपाल वीरेंद्र वर्मा एवं उदयवीर सिंह की प्रतिमाओं तथा पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण किया। पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल द्वारा प्याऊ का लोकार्पण किया।
पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह की अध्यक्षता में हुए समारोह में अतिथियों हुकुम सिंह, सोमपाल शास्त्री और हरेंद्र मलिक ने कहा कि पूरे जीवन में ईमानदारी के साथ शिक्षा एवं राजनीति में दोनों की सेवाएं हमेशा याद की जाएंगी।
चंद्रवीर सिंह वर्मा, विजय वर्मा, महाराज सिंह लांक, सुरेश पाल, नेमी शरण, यशपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, विनय सिवाच, लोकेंद्र वर्मा, आरपी सिंह, डा. एमसी जैन, डा. एकेगुप्ता, अजय कुमार, सतेंद्र कुमार, डाक्टर ओमकुमार, लोकेश कुमार, डा. पीके सिंह, डाॅ. मनोज आदि मौजूद रहे।