जलालाबाद। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जलालाबाद के दभेड़ी में टोल शुरू होते ही बखेड़ा होने लगा है। आसपास के ग्रामीणों को भी टोल चुकाना पड़ रहा है। इसी को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को धरना दिया और टोल फ्री करा दिया।
एसडीएम से भी किसानों की वार्ता हुई लेकिन सफल नहीं हो सकी। जिलाधिकारी से भी किसानों ने हाईवे निर्माण के बाद ही टोल चालू कराने की मांग दोहराई। ग्रामीण आसपास क्षेत्र के ग्रामीणों का टोल टैक्स फ्री करने और हाईवे निर्माण की मांग पर अड़े थे। दभेड़ी टोल प्लाजा का लोगों ने विरोध शुरू किया हुआ है। दभेड़ी में शनिवार को टोल को शुरू कराया गया था। आसपास क्षेत्र के ग्रामीण टोल टैक्स का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि टोल से बीस किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीणों का टोल टैक्स फ्री होना चाहिए।
सोमवार को क्षेत्र के दखौड़ी जमालपुर, चंदेलामाल, दभेडी, अंबेहटा याकूबपुर, उमरपुर आदि गांवों के ग्रामीण और भारतीय मजदूर संगठन के कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर कब्जा करते हुए उसे यहां से निकलने वाले वाहनों के लिए फ्री करा दिया।
यशपाल सरपंच ,नरेश तोमर, मोंटू राणा,तरसेम सिंह, जलसिंह, सचिन महिपाल, लाखन सिंह आदि का कहना था कि अन्य टोल पर भी बीस किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीणों से टोल टैक्स नहीं वसूला जाता। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम विनय कुमार, टोल मैनेजर की ग्रामीणों से वार्ता हुई मगर लोग टोल को नहीं चलने देने की मांग पर अड़े रहे। ं