फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: युवक की मौत में कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा

Fri, 21 Aug 2026 12:45 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
शामली में बधेव चौराहे पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़। संवाद
विज्ञापन
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव बधेव निवासी बाइक सवार रोहन उर्फ रोनी (18) की बुधवार देर शाम कार की टक्कर से मौत के मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीण और परिजनों ने जमकर हंगामा किया। दो बार बाईपास पर जाम लगाने का प्रयास किया, इस दौरान पुलिस के साथ नोकझोंक और धक्कामुक्की भी हुई। चार घंटे तक चले हंगामे में एसडीएम व सीओ के आश्वासन पर ग्रामीण माने और शव का अंतिम संस्कार किया।
विज्ञापन

गांव बधेव निवासी रोहन की बुधवार देर शाम को मालेंडी मार्ग पर कार की टक्कर से मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से भाग गया था। देर रात में परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बधेव चौराहा बाईपास जाम लगा दिया। सीओ सिटी जितेंद्र सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उस समय जाम खुलवा दिया था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन, ग्रामीण और महिलाएं बाईपास के बधेव चौराहे पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कार चालक की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर भारी पुलिसबल मौके पर पहुंचा।
ग्रामीणों ने पुलिस के सामने ही दो बार बाईपास पर जाम लगाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस के रोकने पर नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। सूचना पर एसडीएम सदर सचिन कुमार व सीओ सिटी जितेंद्र सिंह पहुंचे। शाम चार बजे तक चले हंगामे व गहमागहमी के बाद एसडीएम व सीओ के कार्रवाई करने और आर्थिक सहायता दिलाने के आश्वासन पर ग्रामीण माने। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के पिता संजू कश्यप की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

शव को दूसरे मार्ग से ले जाने पर ग्रामीणों व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन व ग्रामीण दोपहर में एंबुलेंस से घर ले जा रहे थे। उनके साथ में पुलिस भी थी। पुलिस ने बाईपास पर शव रखकर जाम लगाने की आशंका के चलते बधेव से पहले शव को गोहरनी चौराहे से भैंसवाल-गढ़ीपुख्ता मार्ग से ले गई। बीच रास्ते में ही ग्रामीणों ने वैन को रुकवा लिया। ग्रामीणों ने शव को बाइक पर ले जाने की बात कहते हुए वैन से उतार लिया। इस दौरान पुलिस व ग्रामीणों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। पुलिस ने जैसे तैसे कर शव को दोबारा वैन में रखवाया। इसके बाद शव को वैन से गढ़ीपुख्ता-मालेंडी के रास्ते होते हुए शव को बधेव मृतक के आवास पर पहुंची।
पुलिस पर पिटाई करने का आरोप, वीडियो वायरल
ग्रामीणों ने शव को दूसरे मार्ग से ले जाने व धक्का-मुक्की करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया। सीओ सिटी ने पुलिस द्वारा मारपीट करने के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि ग्रामीणों के साथ शव को ले जाने को लेकर कहासुनी हुई थी।
कार का नंबर पुलिसकर्मी की पत्नी के नाम पर मिला
रोहन की बाइक में जिस कार से टक्कर हुई, उस कार के नंबर की जांच की गई तो वह गांव मालेंडी निवासी दिल्ली पुलिस में सिपाही की पत्नी के नाम पर मिला है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार को पुलिसकर्मी चला रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी की कार होने के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। सीओ सिटी ने बताया कि कार का नंबर पुलिसकर्मी की पत्नी के नाम पर है। कार को हादसे के वक्त कौन चला रहा था, इसकी जांच की जा रही है।

चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे रोहन, बड़े भाई की हो चुकी मौत
ग्रामीणों ने बताया कि रोहन चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। सबसे बड़े भाई अंकित की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो गई थी। दूसरे नंबर पर गौरव और सबसे छोटा कालू है। उनके एक बहन आरती है। मां व पिता बीमार रहते हैं।

शामली में बधेव चौराहे पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़। संवाद

शामली में बधेव चौराहे पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें