गढ़ीपुख्ता। धनेना गांव के प्रधान के नेतृत्व में रविवार को कश्यप समाज ने लगभग सैकड़ों लोगों ने गढ़ीपुख्ता थाने का घेराव करते हुए धरना दिया। एक परिवार के लोगों पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस के प्रति आक्रोश जताया।
गत 29 मार्च गांव धनेना निवासी रामबीर कश्यप का बेटा राहुल ट्रैक्टर ट्राली में गोबर लादकर गांव के बाहर कूड़ी पर डालने गया। इसी दौरान गांव के नरेश, कृष्ण, धर्मपाल पुत्रगण इंदर और विकास पुत्र कृष्ण ने राहुल के साथ गाली गलौज करते हुए पिटाई की। राहुल ने घर आकर घटना के बारे में परिजनों को जानकारी दी। आरोप है कि शाम पांच बजे फिर से आरोपी पक्ष के लोगों ने राहुल के मकान पर पहुंचकर हमला बोल दिया और हवाई फायरिंग भी की गई।
इसकी रिपोर्ट गढ़ीपुख्ता थाने पर दर्ज कराई गई थी। वहीं, 30 मार्च को राहुल पक्ष के जनेश्वर को थानाभवन मिल गेट के सामने दूसरे पक्ष के नरेश उर्फ पप्पन तथा रोहित व उसके साथियों ने मारपीट की तथा दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। उसके संबंध में थानाभवन थाने पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
दोनों ही मामलों में पुलिस अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी। इसी से आक्रोशित होकर रविवार को ग्राम प्रधान जितेंद्र के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण गढ़ीपुख्ता थाने पहुंच गए और धरना देकर बैठ गए। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
उधर, थानाध्यक्ष अमरदीप लाल का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ग्राम प्रधान जितेंद्र, महिपाल, सूरजमल कश्यप, निरंजन कश्यप ओम सिंह कश्यप, ओमकार, अशोक पंडित, अतरी लाल्ली, मंतलेश, गीता, सुरजो, सुशीला, हरबीरी, राकेश, सावित्री, सुखवीरी सोम्मी आदि मौजूद रही है।