कांधला। खंड विकास क्षेत्र के गांव मलकपुर में जमीयत यूथ क्लब के द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत जागरूक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मौलाना मोहम्मद आकिल ने ग्रामीणों से गांव में साफ-सफाई के साथ शिक्षा के प्रति जागरूक रहने को कहा। स्काउट-गाइड्स ने नाटिका प्रस्तुत कर हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जमीयत यूथ क्लब के द्वारा रविवार को गांव मलकपुर में स्वच्छता के प्रति जागरूक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्काउट-गाइड्स ने नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को स्वच्छता की जानकारी दी। इस मौके पर मौलाना आकिल ने बताया कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद के जनरल सेक्रेटरी मौलाना सैय्यद महमूद मदनी ने हर राज्य के जनपदों के जिला सदर को यह आदेश दिया है कि वह अपने जनपद के सबसे पिछड़े गांव को गोद लेकर गांव की साफ-सफाई, हरियाली, अपने स्तर से गांव का विकास सहित गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने के साथ ही गांव को हर क्षेत्र में अव्वल लाने का प्रयास करें। इसी के तहत गांव मलकपुर में भी ग्रामीणों को सफाई व शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मौलाना खुर्शीद आलम ने ग्रामीणों को बताया कि सभी को अपने आसपास साफ-सफाई रखनी चाहिए। बच्चों को दुनियावी तालीम के साथ दीनी तालीम भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी एक पौधा जरूर लगाएं ताकि प्रदूषण से बचा जा सके और हरियाली कायम रहे। इस दौरान कारी मुबारिक, कुर्बान अली, इरशाद प्रधान, गयूर, बिलाल, फारुख, नूर हसन प्रधान आदि मौजूद रहे।