ग्राम विकास अधिकारियों, सचिवों के हुए तबादले
शामली। जिले में दस साल से एक ही स्थान पर तैनात 12 ग्राम विकास अधिकारियों और चार ग्राम पंचायत सचिवों के शासनादेश के अनुसार तबादले कर दिए गए हैं। ग्राम विकास अधिकारियों के तबादले डीडीओ प्रमोद कुमार और ग्राम पंचायत सचिवों के तबादले डीपीआरओ द्वारा किए गए है। जिला स्तर पर लागू कलस्टर प्रणाली के तहत इन्हें नई तैनाती दी गई है।
सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि शासन की नई नीति के तहत दस साल से एक स्थान पर तैनात 12 ग्राम विकास अधिकारियों और चार ग्राम पंचायत सचिवों के तबादले कर दिए गए हैं। कलस्टर आधारित तबादला नीति लागू होने के बाद जिले में दो तीन ग्राम पंचायतों को मिलाकर एक कलस्टर बनाया गया है। 92 कलस्टर में 67 कर्मचारियों को ग्राम पंचायत सचिव के रूप में तैनात किया गया है। जिले के 92 कलस्टरों में शामली ब्लॉक में 17 कलस्टर और 12 कर्मचारी, कैराना में 16 कलस्टर 12 कर्मचारी, कांधला में 16 कलस्टर और दस कर्मचारी, ऊन में 25 कलस्टर और 21 कर्मचारी, थानाभवन में 18 कलस्टर 12 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने डीपीआरओ, बीडीओ और एडीओ को शासनादेश के अनुसार तबादला नीति को लागू कराने के बाद गूगल अर्थ पर एंट्री कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम प्रधानों की कार्यशाला आज
शामली। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि शासन की नई नीतियों के तहत जिले में बुधवार को नवीन विकास भवन में जिले के सभी ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सुबह 11 बजे से शुरू होगा। पहले सत्र में कांधला, कैराना और शामली ब्लॉक के और दूसरे सत्र में थानाभवन और ऊन ब्लॉक के प्रधानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में डीएम जसजीत कौर भी मौजूद रहेंगी।