कैराना यमुना पर कावडियो की निगरानी करता ड्रोन केमरा
- फोटो : SHAMLI
कैराना। शिवरात्रि पर्व नजदीक आते ही यमुना नदी पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ गई है। पुलिस प्रशासन ने रविवार को ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी की। उधर देर शाम यमना का जलस्तर नीचे जाने पर प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
हरियाणा की ओर जाने वाले कांवड़ियों का रेला यमुना नदी पर विश्राम कर रहा है। यहां पर स्नान करने के बाद ही वे आगे बढ़ रहे हैं। रविवार को जहां यमुना नदी के आसपास आकाश में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाती रही वहीं पीएसी के गोताखोर मोटरबोट के सहारे पूरे दिन यमुना नदी में चक्कर लगाते रहे। अगर कोई भोला यमुना नदी में आगे बढ़ने का प्रयास करता तो मोटरबोट से यमुना नदी पर नजर रख रहे पीएसी के गोताखोर हाथ जोड़कर उसे पीछे रहने की विनती कर रहे थे। इसके अलावा यमुना पुल व कांवड़ मार्ग पर पूरे दिन अधिकारी गश्त करते रहे।
शनिवार को जहां यमुना का जलस्तर 50 सेमी बढ़कर 228.70 मीटर पर पहुंच गया था। वहीं रविवार शाम को यमुना का जलस्तर 30 सेमी घटकर 228.40 मीटर पर आ गया। शनिवार को क्षेत्र में बारिश व हथनीकुंड बैराज से छोडे़ गए 20 हजार क्यूसेक पानी के कारण यमुना का जल स्तर खतरे के निशान से सवा दो मीटर नीचे बह रहा था। वहीं रविवार सुबह से ही हथनीकुंड बैराज से यमुना में केवल 352 क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड छोड़ा गया। रविवार सुबह जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुई थी लेकिन देर शाम पानी आगे बढ़ने से जलस्तर में गिरावट आ गई। जिस कारण रविवार शाम यमुना का जल स्तर घट कर 228.40 मीटर पर आ गया। इसके चलते प्रशासन ने राहत की सांस ली।