छह महीने में होगा मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन का विद्युतीकरण
शामली। उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल के डीआरएम एससी जैन ने कहा कि मेरठ-पानीपत नई रेलवे लाइन बिछाने और दिल्ली-शामली- सहारनपुर रेलवे मार्ग का दोहरीकरण कार्य रेल मंत्रालय से स्वीकृत नहीं है। छह माह में दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग का विद्युतीकरण पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद 100 किमी प्रति घंटा की गति से रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों दौड़ेंगी।
मंगलवार को दोपहर एक बजे उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल के डीआरएम एससी जैन स्पेशल ट्रेन से शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों के साथ उन्होंने शामली रेलवे अस्पताल का निरीक्षण किया और अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर दीपक से पूछताछ की। रेलवे स्टेशन परिसर में एटीएम बंद होने पर नाराजगी जताई। रेलवे स्टेशन अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर रिकॉर्ड देखा। उन्होंने बुढ़ाना रोड फाटक के पास शामली मिल के गन्ने और दूसरे वाहन खड़े होने पर पूछा कि यह भूमि शामली मिल अथवा रेलवे की है। इस मामले पर रेलवे स्टेशन अधीक्षक जवाब नहीं दे पाए। टिकटघर के निरीक्षण के दौरान रजिस्टर मंगाकर यात्रियों के आने जाने की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान लिंक डाउन होने पर जानकारी ली। रेलवे के वाणिज्य कर अधिकारी अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि एक जनवरी से लिंक खराब है। पत्रकारों को उन्होंने बताया कि दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग का विद्युतीकरण शुरू हो चुका है। छह सात माह में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा। इस मार्ग का दोहरीकरण और मेरठ-पानीपत नई रेलवे लाइन स्थापना का कार्य रेलवे मंत्रालय से स्वीकृत नहीं हुआ है। बताया कि दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग पर 75 किमी प्रति घंटे की गति से ट्रेनें चलती थीं। विद्युतीकरण के बाद इस मार्ग पर 100 किमी प्रतिघंटे की गति से ट्रेनें दौड़ेंगी।
‘राज्य सरकार आधा पैसा खर्च को तो बनवा देंगे ओवर ब्रिज’
बुढ़ाना रोड-धीमानपुरा रेलवे फाटक को पर राज्य सरकार पचास फीसदी धनराशि स्वीकृत करे तो रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण करा सकता है। अंडर पास में पानी भरने के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि जहां अंडर पास में पानी भरता है, वहां पर पंप लगाए जाएंगे। पानी की निकासी के लिए क्रास ड्रेन बनाए जाएंगे। इस मौके पर एडीआरएम हेमेंद्र कुमार, सीनियर डिवीजन आपरेटिव जतिन कुमार समेत रेलवे के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि डीआरएम की स्पेशल ट्रेन टपरी से होते हुए मुजफ्फरनगर, मेरठ होकर दिल्ली के रवाना हो गई।