पीड़ितों को समय पर इंसाफ मिले : आईजी
शामली। जनपद की नोडल अधिकारी पीटीएस मेरठ की आईजी लक्ष्मी सिंह ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सोमवार को आईजी लक्ष्मी सिंह जनपद के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची। उन्होंने पहले आदर्श मंडी थाने का निरीक्षण किया। अपराध रजिस्टर में सीओ सिटी द्वारा मानसून, वार्षिक और अर्द्धवार्षिक निरीक्षण न किए जाने पर जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब सीओ थाने पर नहीं आएंगे तो समस्याओं का समाधान कैसे होगा। सीसीटीएनएस कक्ष में ऑपरेटर से चार्जशीट के बारे में जानकारी मांगी, तो ऑपरेटर न तो यह बता सका कि कितनी चार्जशीट भरी गई है और न ही यह बता सका कि अंतिम चार्जशीट कब अपलोड की। आईजी ने सभी डाटा अपडेट रखने के निर्देश दिए। इसके बाद आईजी ने हवालात, बैरक आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने लावारिस वाहनों की नीलामी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी राजेश श्रीवास्तव, आदर्श मंडी एसओ कर्मवीर सिंह, यातायात प्रभारी भंवर सिंह आदि मौजूद रहे।
जनसंवाद में जाम और अतिक्रमण की समस्या उठी
आईजी ने थाने पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने शहर में जाम और अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए समाधान की मांग की। आईजी ने कहा कि जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर डीएम से मिलकर सभी वर्ग के लोगों की बैठक आयोजित कराई जाएगी। इन समस्याओं का सामाजिक सहमति बनाकर प्राथमिकता पर समाधान कराया जाएगा। रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। आईजी ने ग्राम प्रहरियों से कहा कि वे अपने को पुलिस के जवान समझकर काम करें और अपने दायित्वों का निर्वाह करें। आईजी ने ग्राम प्रहरियों को कंबल का वितरण किया।
पुलिस कार्यालय में ली अधिकारियों की बैठक
आईजी लक्ष्मी सिंह ने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया ओर इसके बाद अधिकारियों की बैठक लेकर जनपद की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तीन तलाक के मामलों में तत्काल कार्रवाई कर न्याय दिलाएं। पीड़ितों को जल्द न्याय मिलेगा तो जनता का पुलिस पर भरोसा और भी मजबूत बनेगा।
जाम से निजात दिलाएं
शामली। पुलिस नोडल अधिकारी आईजी लक्ष्मी सिंह से पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कार्यालय में मिलकर नगर की समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने कहा कि शामली में आए दिन गन्ना ट्रॉली से जाम के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। जाम लगा रहने से आवागमन में लोगों को परेशानी होती है। शामली में किसी भी अप्रिय घटना के समय अग्निशमन गाड़ियां तथा फायर इक्विपमेंट सुचारु कराने की मांग रखी। उन्होंने अग्निशमन गाड़ियों को पानी मुहैया कराने के लिए शामली के चारों डी हाइड्रेंट की व्यवस्था को ठीक कराने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद धीमान, नगराध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल और नगर महामंत्री रवि संगल आदि शामिल रहे।
शामली आर्दशमंडी थाने में मौजूद गणमान्य लोग।- फोटो : SHAMLI