गन्ना लदे वाहनों से 11वें दिन भी लगा जाम
शामली। शामली चीनी में 11वें दिन भी गन्ना लदे वाहनों के कारण शहर में जाम की स्थिति बरकरार रही। शहर की सड़कों पर गन्ने से लदे वाहनों के खड़े रहने से किसानों को भी मुश्किल का सामना करना पड़ा है।
चार दिन के बाद मंगलवार को शामली चीनी मिल नियमित चल पाई। मगर 11वें दिन शहर में गन्ने के लदे वाहनों के खड़े रहने जाम की स्थिति जस की तस बनी रही। गन्ने लदे वाहनों की संख्या को देखते हुए शहर के मिल रोड, अग्रसेन पार्क, शिवचौक, कोतवाली रोड, अस्पताल एवं बुढ़ाना रोड, हनुमान रोड, वीवी इंटर कालेज रोड से फव्वारा चौक तक गन्ना लदे वाहनों की लाइन लगी रही।
दूसरी ओर शहर के अग्रसेन पार्क, शिवचौक से धीमानपुरा फाटक व मेरठ-करनाल मार्ग पर बुढ़ाना रोड वोहरा वाली गली के मोड़ से लेकर अस्पताल रोड हनुमान धाम रोड, कोतवाली गेट तक गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉलियों की लंबी लाइनें लगी रहीं। शामली चीनी मिल के वरिष्ठ प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि चार दिन के बाद शामली चीनी मिल मंगलवार को नियमित चल पाई है। बुधवार को जाम की समस्याएं खत्म हो जाएगी।