शामली। मेरठ-करनाल हाइवे पर शनिवार की रात अज्ञात वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी। गंभीर घायल की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों की ओर से वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सिंभालका निवासी प्रदीप पुत्र कृष्णपाल लिसाढ़ में गैस एजेंसी पर काम करता था। शनिवार की रात वह काम खत्म करने गांव लौट रहा था। मेरठ-करनाल हाइवे पर लांक के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रदीप के चाचा की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उधर, दूसरी तरफ रविवार की सुबह नगर निवासी राहुल शिवचौक के पास सड़क पा कर रहा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उसको टक्कर मार दी। वह गंभीर घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भिजवाया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर थाने में लाकर खड़ा कर दिया। देर शाम तक इस मामले में दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा था।