संवााद न्यूज एजेंसी
कैराना। हरियाणा के पानीपत में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार सब्जी विक्रेता हवा सिंह (60) निवासी तीतरवाड़ा की मौत हो गई जबकि उनका बेटा राहुल घायल हो गया। गांव में पहुंचे शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। तीतरवाड़ा निवासी हवा सिंह अपने बेटे राहुल के साथ शुक्रवार को बाइक से पानीपत जा रहे थे। बाइक को राहुल चल रहा था। पानीपत में नेशनल हाईवे 709 एडी पर गांव डिडोला के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायलों को पानीपत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने हवा सिंह को मृत घोषित कर दिया। पानीपत में पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव उनके पैतृक गांव तीतरवाड़ा पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। तीतरवाडा के पूर्व प्रधान संदीप कुमार ने बताया कि मृतक हवा सिंह उनके चाचा थे और पानीपत मंडी में सब्जी बेचने का कार्य करते थे। राहुल मंडी में एक आढ़ती के पास मुनीम का कार्य करता है। राहुल की हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।