शामली के सिक्का गांव में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर एक ट्रक ने सब्जी विक्रेता प्रमोद कश्यप को कुचल दिया। वे ई-रिक्शा से हाईवे पार कर रहे थे। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चालक हिरासत में।
शामली जनपद के आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव सिक्का में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे पार कर रहे 45 वर्षीय सब्जी विक्रेता प्रमोद कश्यप को एक ट्रक ने कुचल दिया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, प्रमोद कश्यप गांव में ही सब्जी की दुकान चलाते थे। रात करीब 10 बजे वे अपनी दुकान से ई-रिक्शा लेकर हाईवे के दूसरी तरफ स्थित अपने घेर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शामली की तरफ से तेज़ रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर से प्रमोद कश्यप हाईवे पर गिर पड़े और ट्रक के पहियों के नीचे कुचले गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी, आदर्श मंडी थाना और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर हाईवे खाली कराया।
पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के भाई बीनू कश्यप की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।