शामली। कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन की तैयारी पूरी होने का दावा किया है। मेरठ से बृहस्पतिवार को जनपद में वैक्सीन पहुंचेगी। उम्मीद है 16 जनवरी से वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हो जाएगा। पहले दिन सात बूथों पर वैक्सीनेशन का कार्य शुरू किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में वैक्सीनेशन के लिए जिला अस्पताल के अलावा शामली, कैराना, कांधला, कुड़ाना, थानाभवन और ऊन सात केंद्रों पर दो-दो बूथ बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार को मेरठ से जनपद में वैक्सीन पहुंचेगी। पहली खेप में वैक्सीन की करीब पांच हजार डोज मिलेगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि पहले दिन हर केंद्र पर बनाए गए दो बूथ में से एक-एक बूथ पर यानी सात बूथों पर वैक्सीनेशन का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद सभी बूथों पर वैक्सीनेशन का कार्य होगा। एक बूथ पर प्रतिदिन 100 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
--
वैक्सीन पर रहेगा पुलिस का पहरा
जिले को मिलने वाली वैक्सीन को पहले सीएमओ कार्यालय में बनाए गए कोल्ड चेन में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें सात वैक्सीनेशन केंद्र पर बनाई गई कोल्ड चेन में भेजा जाएगा। वैक्सीन को दो से आठ डिग्री तापमान पर रखा जाएगा। कोल्ड चेन केंद्रों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और पुलिस बल तैनात रहेगा।
--
पहले चरण में 4231 हेल्थ वर्करों को लगेगी वैक्सीन
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया पहले चरण में जनपद के 4231 हेल्थ वर्कर सरकारी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा, प्राइवेट चिकित्सक व उनका स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को वैक्सीनेशन होगा। दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर पुलिस, राजस्व, नगर निकाय के कर्मियों को वैक्सीनेशन होगा। तीसरे चरण में 50 साल से ऊपर और इससे कम उम्र वाले कोमोरबिड यानी शुगर, ब्लड प्रेशर, कैंसर आदि के मरीजों को वैक्सीनेशन होगा। पहले चरण के लिए सभी हेल्थ वर्करों का डाटा पोर्टल पर फीड है। उनके मोबाइल पर मेसेज जारी होगा, जिसमें नाम पता और वैक्सीनेशन केंद्र आदि सभी जानकारी दी जाएगी। आब्जर्वेशन रूम के अलावा जिला अस्पताल, सीएचसी शामली व गंगा अमृत हॉस्पिटल में तीन एईएफआई सेंटर बनाए गए हैं, जहां पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रहेगी।
--
कोट
शुक्रवार को जिले में कोरोना वैक्सीन पहुंच जाएगी। वैक्सीनेशन के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। 16 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू होने की पूरी उम्मीद है। लोगों से अपील है कि वैक्सीनेशन के संबंध में किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दे और वैक्सीन लगने के बाद कोविड प्रोटोकाल दो गज की दूरी, मास्क का प्रयोग और हैंडवाश आदि का पालन करते रहें। - डॉ. वीबी ढाका, सीएमओ।