शामली सीएचसी में करोना का टीका लगाती महिला चिकित्सक
- फोटो : SHAMLI
वैक्सीन की कमी से टीकाकरण हुआ बाधित
शामली। जिले में कोरोनारोधी वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण अभियान बाधित हो गया। वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण 56 बूथों से 11 बूथ पर सिमट गया। इसमें भी सीएचसी शामली के बूथ पर दोपहर में ही वैक्सीन खत्म होने से टीकाकरण बीच में ही बंद हो गया। जिले में लक्ष्य के सापेक्ष 28.24 प्रतिशत टीकाकरण हुआ।
कोरोना संक्रमण से रोकथाम के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में सामान्य तौर पर 55 बूथों पर टीकाकरण किया जा रहा था, लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण बृहस्पतिवार को 12 बूथों पर टीकाकरण किया गया, जबकि इससे पहले दिन बुधवार को 29 बूथों पर टीकाकरण हुआ। शुक्रवार को 11 बूथों पर टीकाकरण किया गया। इनमें पांच बूथ पर कोवैक्सीन के टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग के पास जो कोविशील्ड वैक्सीन उपलब्ध थी, वह सभी बूथों पर भेज दी गई थी। कोवैक्सीन की करीब दो हजार डोज बची हुई है। सीएचसी शामली में कोविशील्ड वैक्सीन खत्म होने पर दोपहर करीब दो बजे टीकाकरण बंद हो गया। इस बूथ पर नौ वॉयल होने के कारण 90 लोगों को टीके लगाए गए। सभी 11 बूथों पर 1700 लोगों के लक्ष्य के सापेक्ष 376 को पहली डोज, 104 को दूसरी डोज यानि कुल 480 लोगों को टीके लगा गए।जिले में 28.24 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि वैक्सीन की कमी के कारण सीएचसी शामली बूथ पर टीकाकरण बीच में बंद हो गया था। रात में चार हजार डोज कोविशील्ड की पहुंच जाएगी। करीब दो हजार डोज कोवैक्सीन की शनिवार तक पहुंचने की उम्मीद है।