फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: हथछोया की समिति पर नहीं हुआ यूरिया का वितरण, किसान परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
ऊन। बी पैक्स समिति हथछोया ट्रक से ले जाए जा रहे यूरिया खाद के 200 बोरों को ऊन बाईपास पर समिति की सभापति के पुत्र देवेंद्र द्वारा जबरन उतारने की घटना के दो दिन बाद भी किसानों को वितरित नहीं किया गया। समिति के अधिकारियों का कहना है कि ट्रक में बचे यूरिया खाद के 300 बोरों का शुक्रवार से वितरण किया जाएगा, जबकि बाकी 200 बोरों को पुलिस से सुपुर्दगी मिलने के बाद वितरित किया जाएगा। समिति पर खाद लेने पहुंचने किसान मायूस होकर वापस गए।
विज्ञापन

दो दिन पहले मंगलवार रात को जसाला पीसीएफ से ट्रक में यूरिया खाद के 500 बोरे ट्रक में लादकर चालक उदयवीर बी पैक्स समिति हथछोया जा रहा था। आरोप है कि ऊन बाईपास पर समिति की सभापति शीला देवी के पुत्र देवेंद्र ने अन्य कई अज्ञात लोगों के साथ ट्रक को रुकवाकर 200 बोरे यूरिया उतार लिया था और अपने घर ले गया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर अधिकारी हरकत में आए थे।
सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मुकेश कुमार की तरफ से ऊन चौकी पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी देवेंद्र को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद 190 बोरे बरामद कर समिति के गोदाम में रखवा दिया था। समिति पर यूरिया खाद पहुंचने के बाद भी बृहस्पतिवार को किसानों को खाद का वितरण नहीं किया गया।
विज्ञापन

इस समिति के क्षेत्र में हथछोया पिंडोरा, भाटू, सांपला, मुंडेट, फूसगढ़ आते हैं। किसान खाद लेने के लिए समिति पर पहुंचे, लेकिन खाद न मिलने पर मायूस होकर लौट गए।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मुकेश कुमार ने बताया कि ट्रक में बचे हुए खाद के बोरों की गिनती कराई गई जो, 300 बोरे पाए गए। बाकी के बरामद हुए यूरिया के बोरे अभी पुलिस के कब्जे में हैं, हालांकि उन्हें समिति के गोदाम में रखा गया है। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस बोरों की गिनती कराएगी। इसके बाद बोरे समिति के सुपुर्द किए जाने पर यूरिया का वितरण किसानों को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को समिति के कर्मचारी वसूली हेतु क्षेत्र में गए हुए थे, जिस वजह से खाद का वितरण नहीं हो सका। शुक्रवार को खाद का वितरण होगा।

- ये बोले किसान
गांव पिंडोरा निवासी अजय चौधरी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से यूरिया खाद नहीं मिल रहा है। चार पांच दिन पहले समिति पर खाद आया था, लेकिन समिति दूसरे गांव में है। जब तक हम वहां पहुचते हैं, तब तक खाद बंटकर खत्म हो जाता है।
गांव हथछोया निवासी किसान विनोद तोमर ने बताया कि सहकारी समिति से कई दिनों से यूरिया खाद नहीं मिल रहा है। फसल में अब यूरिया डालने का अच्छा समय है। सहकारी समिति में कल खाद तो आ गया है, लेकिन अभी तक किसानों को नहीं मिला। अधिकारी से बात करके जल्दी से जल्दी समाधान करना चाहिए ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।
गांव हथछोया निवासी किसान सतबीर सिंह ने बताया कि किसान समिति का चक्कर काट रहे हैं। खाद आने के बाद भी नहीं मिल पा रहा है। जबकि इस समय फसल में खाद की बहुत ज्यादा जरूरत है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें