झिंझाना। बुलंदशहर से करनाल की तरफ जाते समय चालक को झपकी लग गई। इस कारण कार डिवाइडर से टकरा कर कई बार पलटी। हादसे में कार सवार परिवार के नौ लोग घायल हो गए। घायलों को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत के चलते सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
रविवार को बुलंदशहर निवासी खेमचंद अपने परिवार के साथ नया गांव हिमाचल ईको (कार) से जा रहे थे। रात करीब एक बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर झिंझाना क्षेत्र में केरटू गांव के पास गाड़ी चालक धतनीराम को झपकी आ गई। इस कारण कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। दो बार पलटी खाने के बाद कार सीधी खड़ी हो गई। जैसे तैसे करके कार सवार लोग उसमें से बाहर निकले।
इसी दौरान राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को झिंझाना सीएचसी पर भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत के चलते घायल मंजू, संजना, संतोष, अंजू और धनीराम को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। उधर, कार में परिवार के साथ एक वर्षीय हनी और छह वर्षीय कृष्ण को खरोंच तक नहीं आई। उधर, इस मामले में थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची झिंझाना पुलिस ने सभी घायलों उपचार दिलाया है।