बाबरी में गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लगी भीड़ । संवाद
शामली/बाबरी। जिले में रसोई गैस सिलिंडरों की किल्लत और वितरण अव्यवस्था से उपभोक्ता परेशान हैं। बाबरी में बुकिंग के बावजूद सिलिंडर नहीं मिलने से गुस्साए लोगों ने गैस एजेंसी पर हंगामा कर दिया। किसी तरह लोगों को शांत कराया गया।
शनिवार सुबह करीब छह बजे से ही बाबरी की एजेंसी के बाहर सिलिंडर लेने वालों की लंबी कतारें लग गईं। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने हंगामा कर दिया।
हिरनवाड़ा निवासी गुलजार का कहना था कि वह पिछले चार दिनों से लगातार लाइन में लग रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिलिंडर नहीं मिला। धर्मवीर सैनी ने बताया कि वह 6 अप्रैल से चार बार एजेंसी के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें भी सिलिंडर नहीं मिल सका। गांव रायपुर निवासी भगवान दास ने बताया कि उन्होंने 3 अप्रैल को सिलिंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई। सुबह 6 बजे से लाइन में लगे रहे।
बाबरी निवासी प्रदीप सिंघल और कपिल सैनी ने बताया कि 10 अप्रैल को घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद उन्हें डिलीवरी पर्ची दी गई, लेकिन बाद में सिलिंडर खत्म होने की बात कहकर पर्ची वापस ले ली गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सिलिंडर वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और समय पर आपूर्ति नहीं हो रही। बनत में भी उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही है। लोगों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
एजेंसी के फील्ड अधिकारी नरेश यादव ने बताया कि सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है और बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को आसानी से सिलिंडर मिल रहे हैं। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।
बाबरी में गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लगी भीड़ । संवाद