कांधला। कस्बे के प्राइवेट अस्पताल में प्रसव पीड़ा के दौरान हालत बिगड़ने पर महिला और नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा किया। बाद में किसी तरह मामला शांत कराया गया।
नगर के मोहल्ला शेखजादगान निवासी युवक की पत्नी नौ माह की गर्भवती थी। बुधवार की रात में महिला को प्रसव पीड़ा होने पर नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात को महिला को प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्त बहने से हालत बिगड गई।
महिला को गंभीर हालत में शामली एक प्राइवेट अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन गर्भवती महिला व नवजात शिशु की गर्भ में ही मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर मायके के लोग भी मौके पर पहुंचे और हंगामा किया।
आरोप लगाया कि डाॅक्टरों की लापरवाही के कारण ही महिला की मौत हुई है। जिसे लेकर दोनों पक्षों की काफी देर तक पंचायत भी हुई। बाद में दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने समझौता करने के बाद मृतक का गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक कर दिया। सीएमओ डाॅ. अनिल कुमार ने मामले की जानकारी से इनकार किया है।