कांधला (शामली)। कैराना बाईपास रोड स्थित शमा हॉस्पिटल में तीन दिन से भर्ती पांच दिन के नवजात की उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
जनपद बागपत के गांव किरठल निवासी वसीम ने तबीयत बिगड़ने पर पांच दिन के नवजात को तीन दिन पहले कस्बे के शमा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार बच्चे का ऑक्सीजन स्तर कम होने के कारण उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। नवजात की दादी नसीमा का आरोप है कि भर्ती कराने के बाद से ही उपचार में लापरवाही बरती गई। अस्पताल संचालक ने 30 हजार रुपये जमा कराए इसके बावजूद डॉक्टर के बजाय सहायक द्वारा उपचार किए जाने का आरोप है। परिजनों का कहना है कि कई बार डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा गया, लेकिन डॉक्टर नहीं पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि उचित चिकित्सकीय निगरानी और उपचार नहीं मिलने के कारण नवजात की हालत बिगड़ती गई और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल संचालक वहां से चले गए।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक ओमकार पांडेय ने बताया कि नवजात की मौत के बाद हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मामले की कराई जाएगी जांच
नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी।
पूर्व में भी हो चुका है हंगामा
कस्बे के गंगेरू रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भी करीब छह माह पूर्व उपचार के दौरान नवजात की मौत हो गई थी। उस समय भी परिजनों और अन्य लोगों ने हंगामा किया था। बाद में मामला दर्ज होने पर पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
अस्पताल के डायरेक्टर आजाद ने बताया कि बच्चे के उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। अस्पताल में डॉक्टर ने ही बच्चे का उपचार किया था और इसका वीडियो भी उपलब्ध है। परिजन गलत आरोप लगा रहे हैं।