शामली। सिम खरीदने के समय हुए विवाद में ग्रामीणों ने वर्मा मार्केट में एक टेलीकॉम कंपनी के ऑफिस पर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
कांधला क्षेत्र के गांव किवाना निवासी देवेंद्र नौ तारीख को शामली आया हुआ था। इस दौरान उसका मोबाइल गायब हो गया था। देवेंद्र के अनुसार उसने उसी दिन वर्मा मार्केट में स्थित एक टेलिकॉम कंपनी के ऑफिस से अपना डुप्लीकेट सिम निकलवा लिया था। इस बीच 10 और 12 तारीख में उस नंबर पर एक लड़की से बात हुई और तब से वह लड़की गायब है।
इसके चलते पुलिस रिकार्ड में यह नंबर सामने आया। लड़की के परिजन अब देवेंद्र से लड़की के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। शनिवार को देवेंद्र परिजनों संग संबंधित कंपनी के आफिस पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
उनका आरोप है कि जब वह नौ तारीख को सिम ले गए थे तो 12 तारीख को उनके नंबर से कॉल कैसे चली गई और न ही उन्होंने यह सिम नौ तारीख को अपने रिकार्ड में दिखाया। सूचना पर पहुंची पुलिस नेे दोनों पक्षों को शांत किया।