पहले भरोसा जीता, फिर बड़ी रकम लगवाई
पीड़िता के अनुसार शुरुआत में आरोपी महिला ने थोड़ी राशि पर लाभ देकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसे अधिक धन लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
आरोप है कि पीड़िता ने अपने और परिवार के खातों से धन निकालकर, नकदी तथा आभूषण गिरवी रखकर करीब 1 करोड़ 7 लाख 65 हजार रुपये आरोपी और उसके बताए खातों में भेज दिए। कुछ समय तक आरोपी लाभांश देती रही, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया और बहाने बनाने लगी।
साथियों के नंबर देकर पल्ला झाड़ा
रितु सिंह का आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी महिला ने अपने कुछ अन्य साथियों के नंबर देकर उनसे बात करने को कहा। जब पीड़िता ने उन लोगों से संपर्क किया तो उन्होंने खुद को पहचानने से ही इनकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार जब उसने सख्ती दिखाई तो आरोपी पक्ष की ओर से धमकी मिलने लगी और रकम लौटाने से साफ मना कर दिया गया।
गिरोह बनाकर कई लोगों से ठगी की आशंका
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से गिरोह बनाकर कई लोगों को इसी तरह ठगने का काम किया है। मामले में पीड़िता ने सभी लेनदेन से जुड़े प्रमाण पुलिस को सौंप दिए हैं और रेनू तोमर, हिमांशु, कशिश और करन मलिक को नामजद करते हुए मामला दर्ज कराया है।
क्षेत्राधिकारी दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।