विकास प्राधिकरण की टीम ने की सीलिंग कार्रवाई
मंगलवार दोपहर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की टीम कैराना पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में मुगल गार्डन, उससे जुड़े बैंक्वेट हॉल तथा पार्किंग परिसर को चारों ओर से सील कर दिया गया। सीलिंग के दौरान भवन के बाहर स्पष्ट रूप से अंकित किया गया कि निर्माण अवैध है और विकास प्राधिकरण द्वारा सील किया गया है।
दीवारों पर चस्पा किया गया नोटिस
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने भवन परिसर पर नोटिस भी चस्पा कराया। साथ ही भवन की दीवार पर सार्वजनिक सूचना लिखवाई गई, ताकि लोगों को कार्रवाई की जानकारी मिल सके। प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को भी कार्रवाई के कारणों से अवगत कराया।
पहले ही जारी किए गए थे नोटिस
अधिकारियों के अनुसार करीब 15 दिन पहले क्षेत्र के कई मैरिज होम और बैंक्वेट हॉल संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें मुगल गार्डन समेत अन्य प्रतिष्ठान भी शामिल थे। नोटिस के बाद भी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके चलते सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई गई।
स्वीकृत नक्शा नहीं होने का दावा
विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि मुगल गार्डन का स्वीकृत नक्शा उपलब्ध नहीं है। इसी आधार पर निर्माण को नियमों के विपरीत मानते हुए कार्रवाई की गई है। अधिकारियों के मुताबिक यदि संचालक निर्धारित समय के भीतर वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
बुलडोजर कार्रवाई की भी चेतावनी
प्राधिकरण ने संकेत दिए हैं कि यदि भवन से संबंधित आवश्यक स्वीकृतियां और नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य मैरिज होम और बैंक्वेट हॉल संचालकों में भी हलचल बढ़ गई है।