बृहस्पतिवार की देर रात सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो पुलिसकर्मी व कुछ लोग नजर आ रहे हैं। कैराना कोतवाली पर तैनात मुख्य आरक्षी मनीष कुमार एक युवक के साथ गाली-गलौज कर रहा है। वह आवेश में कह रहा है कि मेरा पारा हाई हो रहा है, नाम बता दे। टांग में गोली मारकर गोकशी में जेल भेज दूंगा।
वायरल वीडियो नगर के कांधला रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के कार्यालय का बताया गया है। जिसे धमकी दी गई, उसका नाम आफताब बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पुलिसकर्मी झगड़े के मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए गए थे।
वीडियो वायरल होने पर एसपी रामसेवक गौतम ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर मुख्य आरक्षी मनीष कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे प्रकरण की जांच सीओ कैराना श्याम सिंह को सौंपी है।
ये बोले एसपी
मेले में दो पक्षों में मारपीट के मामले में मुख्य आरक्षी मनीष नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने गया था। वायरल वीडियो में अभद्र भाषा के संबंध में मुख्य आरक्षी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
- रामसेवक गौतम, एसपी