शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी का चार्ट की तैयारी शुरू हो गई है। प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा में 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक उसी कालेज के रहेंगे जबकि आधे कक्ष निरीक्षक दूसरे कालेज के रहेंगे। एक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों में एक कक्ष निरीक्षक बाहरी रहेगा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। इस बार जनपद में हाईस्कूल परीक्षा में 13825 और इंटर की परीक्षा में 11704 परीक्षार्थी यानि कुल 25529 परीक्षार्थी पंजीकृत है। जनपद में 34 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा होगी। बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए विभाग द्वारा तैयारी की जा रही है। शासन के निर्देश पर सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और राउटर लगाए जा चुके हैं। एक सप्ताह पहले सीसीटीवी कैमरों का लखनऊ से ट्रायल भी हो चुका है। अब परीक्षा में दस दिन का समय बचा होने के कारण विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है।
डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी का चार्ट तैयार किया जा रहा है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कक्ष निरीक्षकों की डिमांड मांगी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहर के यानि दूसरे कालेजों के रहेंगे जबकि 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक उसी कालेज के रहेंगे। एक कक्ष में दो निरीक्षकों की ड्यूटी रहेेगी, जिसमें एक कक्ष निरीक्षक बाहर का अवश्य रहेगा। दोनों कक्ष निरीक्षक बाहर के हो सकते हैं, लेकिन उसकी कालेज के दोनों कक्ष निरीक्षक की एक कक्ष में ड्यूटी नहीं रहेगी। जिविनि ने बताया कि सभी केंद्रों से कक्ष निरीक्षकों की डिमांड मांगी गई है। एक-दो दिन में सभी केंद्रों से डिमांड मिल जाएगी। इसके बाद ड्यूटी चार्ट फाइनल कर दिया जाएगा।
-----------
जनपद में कोई केंद्र संवेदनशील नहीं
शामली। डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि पिछले साल बोर्ड परीक्षा में कोई भी परीक्षार्थी नकल करते नहीं पकड़ा गया था। इस बार कोई भी परीक्षा केंद्र संवेदनशील या अतिसंवेदनशील की श्रेणी में नहीं है। सभी परीक्षा केंद्र सामान्य है। नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे और सचल दस्तों का गठन किया जाएगा।