-यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 269 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। यूपी बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा जनपद के एक केंद्र पर आयोजित होगी। विभाग ने शहर के आरके इंटर कॉलेज को केंद्र बनाने के लिए प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजा है। परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर के 269 छात्र-छात्रा परीक्षा में शामिल होंगे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में अनुतीर्ण होने वाले या फिर कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों से कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने के लिए 10 जून तक आवेदन मांगे गए थे। इसमें हाईस्कूल व इंटर के 269 छात्र-छात्राओं ने अपने आवेदन किए हैं।
परीक्षा के लिए अभी परिषद की ओर से अभी तिथि निर्धारित नहीं की गई है। जुलाई माह में परीक्षा होने की संभावना है, लेकिन परीक्षा संबंधी तैयारी विभाग ने अभी से शुरू कर दी है। परिषद से परीक्षा केंद्र के लिए केंद्र निर्धारित करने के निर्देश जारी किए गए थे, विभाग ने परीक्षा केंद्र के लिए शहर के झिंझाना रोड स्थित आरके इंटर कॉलेज को केंद्र प्रस्तावित कर भेजा है।
डीआईओएस जेएस शाक्य ने बताया कि परीक्षा बिल्कुल बोर्ड के नियमानुसार नकलविहीन आयोजित कराई जाएगी। केंद्र पर सभी सीसीटीवी ठीक है या नहीं चेक कराए जा रहे हैं। बोर्ड की तरह ही सख्त निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी।