शामली। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा का हापुड़ के सीएमओ के पद नियुक्ति होने के बाद अल्ट्रासाउंड जांच बंद हो गई है। वहीं, शासन से अभी नियुक्ति न होने से सर्जन डॉ. नरेश सैनी को सीएमएस का प्रभार दिया गया है। अल्ट्रासाउंड जांच न होने से मरीज परेशान रहें।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा को शासन ने एक जुलाई 2024 को सीएमएस नियुक्त किया था। इससे पहले उनकी नियुक्ति जिला अस्पताल में रेडियोलोजिस्ट के पद पर होने के कारण मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच कर रहे थे। दूसरे रेडियोलोजिस्ट न होने के कारण सीएमएस के साथ मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच भी इन्हीं के द्वारा की जा रही थी। अब शासन ने उन्हें हापुड़ का सीएमओ नियुक्त किया है। डॉ. आहूजा शुक्रवार व शनिवार को अवकाश पर रहे और रविवार को साप्ताहिक छुट्टी के कारण तीन दिन से मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हुई। सोमवार को डॉ. आहूजा ने कार्यालय में बैठकर अन्य कार्यों में व्यस्त होने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच का कार्य नहीं किया। मरीज बिना जांच कराए ही वापस जाने को मजबूर रहें। डॉ. आहूजा ने बताया कि मंगलवार को वे हापुड़ में सीएमओ पद पर ज्वाइन करेंगे।
बोले मरीज
कांधला निवासी शौकीन ने बताया कि उसके पेट में दर्द रहता है। चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए कहा है, लेकिन यहां यहां जांच नहीं हुई। अब बिना जांच के वापस जाना पड़ रहा है।
बुढ़ाना रोड निवासी राकेश ने बताया कि उसके गुर्दे में दर्द रहता है। चिकित्सक ने पथरी होने का अंदेशा जताते हुए अल्ट्रासाउंड कराने को कहा। यहां अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लगा मिला। बताया गया कि फिलहाल अल्ट्रासाउंड जांच बंद हो गई है। अब उसे प्राइवेट में जांच करानी पड़ेगी।
डॉ. कर्मवीर मुरादाबाद के सीएमएस बने
शासन ने जिला अस्पताल में करीब चार साल से नियुक्त त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मवीर सिंह को मुरादाबाद के जिला अस्पताल में सीएमएस के पद पर नियुक्त किया है। वे मंगलवार को ज्वाइन करेंगे। शासन से नियुक्ति न होने से यह पद रिक्त हो गया। ईएनटी डॉ. नेहा का स्थानांतरण जिला गाजियाबाद के लोनी, वरिष्ठ परामर्शदाता पैथोलोजिस्ट डॉ. अनुपम सक्सेना का जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर और डॉ. जाहिद अली त्यागी का सहारनपुर के जिला अस्पताल में स्थानांतरण हुआ है।
उधर, शासन ने तीन चिकित्सकों की जिला अस्पताल शामली में नियुक्त किया है। तेज बहादुर चिकित्सालय प्रयागराज के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. मनोज कुमार अखौरी को जिला अस्पताल शामली में वरिष्ठ परामर्शदाता, प्रयागराज से ही ईएनटी प्रदीप त्यागी और मेरठ से डीटीओ डॉ. गुलशन राय को वरिष्ठ परामर्शदाता पद पर जिला अस्पताल शामली में नियुक्त किया है। इन तीनों चिकित्सकों ने अभी ज्वाइन नहीं किया है।