शामली के दयानंदनगर स्थित हॉट स्पॉट पर सामान पकड़ाता युवक।
- फोटो : SHAMLI
शामली/कांधला। जनपद में कोरोना पॉजिटिव के दो नए केस आए हैं। अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले दोनों युवक कांधला क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें एक युवक मुंबई से आया था, जबकि दूसरा कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आने पर संक्रमित होना पाया है। दोनों युवकों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
बुधवार को मेरठ मेडिकल से पांच लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें दो युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अधिकारियों के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव एक युवक कस्बा कांधला का निवासी है। वह मुंबई में किसी फैक्टरी में नौकरी करता है। बताया कि यह युवक एक सप्ताह पहले घर आया था। इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने सात जून को इसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। युवक को होम क्वारंटीन किया गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य टीम ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके परिवार के दो लोगों को एहतियात के तौर पर क्वारंटीन सेंटर में ले जाया गया है।
उधर, कोरोना पॉजिटिव आया दूसरा युवक कांधला क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। छह जून को इस गांव निवासी युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह युवक गाजियाबाद जनपद में एक पेट्रोल पंप पर काम करता है और 31 मई को घर आया था। इस युवक के संपर्क में आने वाले लोगों को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था और उनके सैंपल जांच को भेजे गए थे। बुधवार को आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में छह जून को कोरोना संक्रमित मिले युवक के क्लोज कांटेक्ट वाले युवक के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर उसे क्वारंटीन सेंटर से कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बुधवार को मेरठ मेडिकल से सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई है, जिनमें दो युवक कोरोना पॉजिटिव मिले है। इनमें कांधला निवासी युवक मुंबई में नौकरी करता है, जबकि दूसरा युवक कोरोना संक्रमित के क्लोज कांटेक्ट वाला है। दोनों युवकों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक कुल 44 केस कोरोना पॉजिटिव आए है, जिनमें 34 केस ठीक हो चुके हैं। इस समय जनपद में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस 10 हो गए हैं।
--
रिपोर्ट नेगेटिव आने पर टेंपो चालक को घर भेजा
शामली। बुधवार दोपहर को प्रशासन ने झिंझाना थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आना बताया था। यह युवक उत्तराखंड के हरिद्वार में टेंपो चलाने का काम करता है। स्वास्थ्य टीम उसे घर से कोविड अस्पताल लेकर आ गई थी। यह एक सप्ताह पहले घर आया था। स्वास्थ्य टीम ने सैंपल लेकर जांच को भेजा था। सीएमओ संजय भटनागर ने बताया कि मेरठ लैब से पहले टेंपो चालक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। उसे कोविड अस्पताल लाया गया था। बाद में संशोधित रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उसे अस्पताल से घर भेज दिया गया। टेंपो चालक पांच दिन तक होम क्वारंटीन रहेगा और इसके बाद उसका सैंपल लेकर दोबारा जांच के लिए भेजा जाएगा।
शामली के दयानंदनगर स्थित हॉट स्पॉट के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।- फोटो : SHAMLI