शामली/कांधला/झिंझाना। जनपद में कोरोना पॉजिटिव के दो नए केस और आए हैं। अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले टेंपो चालक सहित दो युवकों के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों करीब एक सप्ताह पहले घर आए थे और चार दिन पहले इनके सैंपल लिए गए थे। दोनों युवकों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जनपद में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
बुधवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज से पांच लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें दो युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अधिकारियों के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव एक युवक कस्बा कांधला का निवासी है। वह मुंबई में किसी फैक्टरी में नौकरी करता है। बताया गया है कि यह युवक एक सप्ताह पहले घर आया था। इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सात जून को इसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग ने युवक को होम क्वारंटीन किया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य टीम ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके साथ ही उसके परिवार के दो लोगों को एहतियात के तौर पर क्वारंटीन सेंटर में ले जाया गया है। कोरोना पॉजिटिव आया दूसरा युवक झिंझाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। यह युवक उत्तराखंड के हरिद्वार में टेंपो चलाता है। यह भी एक सप्ताह पहले घर आया था। इसका सैंपल भी सात जून को लिया गया था और होम क्वारंटीन किया था। सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर इसे भी कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बुधवार को मेरठ मेडिकल से कुछ सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई है, जिनमें दो युवक कोरोना पॉजिटिव मिले है। कोरोना पॉजिटिव मिले युवकों के संपर्क में आने वालों की जानकारी की जा रही है। जिले में अब तक कुल 44 केस कोरोना पॉजिटिव आए है, जिनमें 34 केस ठीक हो चुके हैं।