कांधला में दो युवक मिले कोरोना पॉजिटिव
शामली/कांधला। जनपद के कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी दो युवकों के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों ईद मनाने के लिए 10 दिन पहले घर पहुंचे थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों युवकों को कोविड अस्पताल झिंझाना में भर्ती करा दिया है। दोनों के परिवार के 13 सदस्य और एक निजी चिकित्सक को क्वारंटीन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। जिले में अब कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर नौ हो गए हैं।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी दो युवक महाराष्ट्र में फेरी पर कपड़ा बेचने का काम करते हैं। 14 मई को दोनों युवक ईद मनाने के लिए महाराष्ट्र से घर पहुंचे थे। इनकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने 20 मई को दोनों के सैंपल लेकर जांच के लिए मेरठ मेडिकल भेजे थे। शनिवार सुबह दोनों युवकों के सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनके घर पहुंचकर दोनों युवकों को कोविड अस्पताल झिंझाना में भर्ती करा दिया। इसके साथ ही एहतियात के तौर इन दोनों के परिवार के 13 सदस्यों और इनके संपर्क में रहने वाले एक निजी चिकित्सक को क्वारंटीन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इन सभी सदस्यों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेेजा जाएगा। जनपद में दो नए कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर एक्टिव केस की संख्या सात से बढ़कर नौ हो गई है। जनपद में अब तक कुल 30 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें 21 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
खैल मोहल्ला नया हॉटस्पॉट चिह्नित
शामली। प्रशासन ने कांधला के मोहल्ला खैल में दो युवकों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने इसे नया हॉटस्पॉट क्षेत्र चिह्नित कर दिया है। मोहल्ले की अभी तक दो गलियों को सील किया जा चुका है। पुलिस-प्रशासन ने मोहल्ले के लोगों को सीलिंग की जानकारी देकर घरों में रहने की अपील की है। अब तक शामली में चार हॉटस्पॉट क्षेत्र चिह्नित चल रहे हैं। अब कांधला का खैल मोहल्ला नया हॉटस्पॉट चिह्नित होने पर इनकी संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
कोट
कांधला क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव के दो नए केस आए है। इनकी सैंपलिंग 20 मई को की गई थी। शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों को कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जबकि परिवार के 13 सदस्यों को क्वारंटीन सेंटर में लाया गया है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव के केस नौ हो गए हैं। इन युवकों के मोहल्ले को हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित कर सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जसजीत कौर, डीएम।