शामली। जनपद में गन्ना पेराई का सत्र अंतिम चरण में चल रहा है। ऊन मिल बंद हो गई है और थानाभवन भी इस महीने अंत तक बंद होने वाली है। मगर जनपद की शुगर मिलों ने मात्र 292.61 लाख रुपये का ही भुगतान किया है। अभी मिलों पर किसानों का करीब 787.17 लाख रुपये गन्ना भुगतान बकाया है। गन्ना भुगतान न होने से किसानों को तमाम तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। किसी के सामने घर चलाने की समस्या बनी है तो किसी को फसल के लिए दवा, खाद की जरूरत है तो किसी को मजदूरी देने की समस्या बनी है। कोई उधार लेकर काम चला रहा है तो कोई क्रेडिट कार्ड पर ब्याज पर रुपये निकालकर जैसे तैसे काम चला रहा है। गन्ना भुगतान को लेकर कुछ किसानों से बातचीत की गई तो उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त की।
उधार लेकर चला रहे काम
गांव शेखुपूरा निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि गन्ना भुगतान न होने से परेशानी ही परेशानी है। उनकी पहली पर्ची 15 दिसंबर को तुली थी, लेकिन अभी तक 14 दिसंबर तक ही भुगतान मिल ने किया है। अब तक उनका करीब 1500 क्विंटल गन्ना शामली मिल में जा चुका है। फसल की कटाई, बुआई के लिए खाद व दवा उधार लेकर काम चला रहे हैं। घर का काम क्रेडिट कार्ड से रुपये निकालकर जैसे तैसे चला रहे हैं।
घर की जरूरतें पूरी करना मुश्किल
गांव ऐरटी निवासी त्रिलोकचंद ने बताया कि गन्ना भुगतान न होने से घर की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। क्रेडिट कार्ड से ब्याज पर रुपये निकलवाकर खेत में काम करने वाले मजदूरों को देते है। फसल की बुआई, कटाई के लिए तेल, खाद, बीज की जरूरत होती है। बस उन्हें ही पता है कि कैसे काम चला रहे है। भुगतान के साथ मिल में गन्ना पहुंचाने की भी चिंता बनी है। अभी भी खेत में करीब 800 क्विंटल गन्ना खड़ा है। पांच हजार क्विंटल गन्ना मिल में जा चुका है।
भुगतान ना होने से बढ़ी मुश्किल
गांव बलवा निवासी सुरेश ने बताया कि इस समय खेत में फसल के लिए दवा, खाद की जरूरत है। मजदूरी भी देनी पड़ती है, लेकिन गन्ना भुगतान न होने से बहुत बड़ी परेशानी हो रही है।
घर के काम अटक गए
गांव चूनसा निवासी किसान भुवनेश ने बताया कि पूरा सीजन खत्म होने को है, पर भुगतान अभी 14 दिसंबर तक ही हुआ है। ऐसे में खुद ही सोच लो कि बिना भुगतान के उनकी हालत कैसी होगी। भुगतान न मिलने से घर के जरूरी काम भी अटके हुए है।
जनपद में मिलवार गन्ना भुगतान की स्थिति
मिल - हुआ भुगतान - बकाया भुगतान
शामली - 88.90 - 238.44
ऊन - 93.86 - 220.00
थानाभवन - 109.85 - 328.73
कुल - 292.61 - 787.17
नोट : गन्ना भुगतान के आंकड़े लाख रुपये में है
जनपद में मिलवार अब तक गन्ना खरीद की स्थिति
शामली : 108.54 लाख क्विंटल
थानाभवन : 147.13 लाख क्विंटंल
ऊन : 105.06 लाख क्विवंटल (पेराई सत्र पूरा, बंद हुई मिल)
कोट
जनपद की चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान दिलाने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। उनकी प्रयास है कि किसानों का जल्द से जल्द गन्ना भुगतान कराया जाए। - विजय बहादुर सिंह, जिला गन्ना अधिकारी।
शामली गन्ने के पैमेंट से संबंधित किसानों की परिचर्चा फोटो। गांव ऐरटी निवासी त्रिलोकचंद।- फोटो : SHAMLI
गांव शेखुपुरा निवासी राजेन्द्र चौहान।- फोटो : SHAMLI