शामली बुढाना रोड पर वाहनो से लगा जाम
- फोटो : SHAMLI
शामली। कैराना रोड पर खेड़ीकरमू बिजलीघर के पास पेट्रोल पंप के सामने ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। परिजनों ने शामली में चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निजी अस्पताल पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों में नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ीकरमू निवासी शादाब (22) अपने साथी शाकिब (18) निवासी लिलौन के साथ बाइक से कंडेला स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करने जा रहे थे। जब वे कैराना रोड पर खेड़ीकरमू बिजलीघर के निकट पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंची। घायलों को शामली के निजी अस्पताल में ले गए। चिकित्सक ने शाकिब को मेरठ मेडिकल में भेज दिया, जबकि शादाब को भर्ती कर लिया गया। उपचार के दौरान शादाब की शामली में मौत हो गई, जबकि शाकिब की मेरठ मेडिकल में मौत हो गई।
शादाब की मौत होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने निजी अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामा बढ़ने पर अस्पताल का गेट बंद कर लिया गया, जिस पर ग्रामीणों ने वहां तोड़फोड़ की कोशिश भी की। इसके बाद ग्रामीण अस्पताल के सामने मेरठ-करनाल हाईवे पर पहुंच गए। वहां पर शव को कब्जे में लेने के दौरान पुलिस के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मृतक शादाब के भाई शमीम की तरफ से दुर्घटना की तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर चालक कंडेला निवासी संतोष को हिरासत में ले लिया गया है।
---
निजी चिकित्सक पर एक लाख रुपये जमा कराने का आरोप
शामली। खेड़ीकरमू निवासी पप्पन ने बताया कि दुर्घटना में घायल बेटे शादाब को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि चिकित्सक ने इलाज करने से पहले एक लाख रुपये एडवांस जमा करा लिए। शादाब की हालत बिगड़ती देख उन्होंने अस्पताल के स्टाफ से इलाज शुरू न करने पर पूछा तो उन्होंने चिकित्सक को व्यस्त होना बताया। आरोप है कि उनके पुत्र को करीब तीन घंटे तक उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि चिकित्सक के खिलाफ तहरीर मिली है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
शामली कोतवाली में खडी टैक्टर ट्रॉली- फोटो : SHAMLI
शामली प्राईवेट नर्सिग होम के सामने मृतक युवक के शव को देखते परिजन- फोटो : SHAMLI