पुलिस के हत्थे दो लुटेरे चढ़े
कैराना (शामली)। एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र पर दस दिन पहले हुई 30 हजार की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटी गई नगदी में से 3500 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई चोरी की बाइक एवं तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
28 जनवरी को पुराना बाईपास पर स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अमित कुमार से दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर 30 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र पर कार्यरत कमीशन एजेंट की ओर से मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भूरा चुंगी से एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र में हुई लूट में शामिल दो लुटेरों साबिर निवासी इस्सोपुर खुरगान व जिशान उर्फ प्रभु निवासी ग्राम इस्लामनगर थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन कारतूस व घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए रुपयों में से 3500 रुपये भी बरामद किए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि साबिर कैराना थाने का टॉप 10 व हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी साबिर के विरुद्ध जनपद शामली के अलावा सहारनपुर में भी लूट, डकैती, हत्या का प्रयास व गैंगस्टर एक्ट एवं अवैध हथियार रखने के 15 मामले दर्ज हैं। जिशान पर भी डकैती, गैंगस्टर व अवैध हथियार रखने के तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल झिंझाना थाना क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।