शामली रेलवे स्टेशन पर खड़ी कर्मचारियो को ले जाने वाली ट्रेन
- फोटो : SHAMLI
स्पेशल ट्रेन में पहले दिन दो रेलवे कर्मचारी हुए रवाना
शामली। पहले दिन शामली से दिल्ली के लिए चालू की गई स्पेशल ट्रेन में सिर्फ दो रेलवे कर्मचारी रवाना हुए। रेलवे के अफसरों के मुताबिक सोमवार के बाद स्पेशल ट्रेन में ज्यादा रेलवे कर्मचारियों के चलने की उम्मीद की जा रही है।
कोरोना काल सभी सवारी ट्रेनों का पिछले साढ़े चार माह से संचालन बंद है। उत्तर रेलवे ने रेलवे कर्मचारियों की सुविधा के लिए बृहस्पतिवार से शामली से दिल्ली तक स्पेशल ट्रेेन का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े छह बजे शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन एक दिन पहले शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई थी। बृहस्पतिवार को बूंदाबांदी के दौरान शामली रेलवे स्टेशन से सुबह साढ़े छह बजे स्पेशल ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई। स्पेशल ट्रेन में रेलवे के दो कर्मचारी गए हैं। ट्रेन में एस्कार्ट के रूप में आरपीएफ के छह जवान, प्रशिक्षण के रूप में छह ट्रेन चालक ट्रेन का स्टाफ मौजूद रहा। उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि सोमवार के बाद स्पेशल ट्रेन में रेलवे कर्मचारियों की संख्या बढ़ जाएगी। स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय पर दिल्ली और शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंची है।