शामली। तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुए बर्तन व्यापारी के मामले में परिजनों ने व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर दो लोगों पर अगवा कर बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी पक्ष के महिला समेत दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शहर के मोहल्ला रामशाला निवासी बर्तन व्यापारी अंकित गोयल उर्फ आशु बुुधवार रात को स्कूटी पर सवार होकर घर से परिजनों को थोड़ी देर में आने की बात कहकर गए थे। उसके बाद वे रातभर घर नहीं लौटे। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। तलाश के दौरान व्यापारी शहर के एक निजी अस्पताल में घायलावस्था में मिले थे। शनिवार को पीड़ित व्यापारी परिजनों और अन्य व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचे। पीड़ित ने कोतवाल से मिलकर बताया कि शहर के दो लोगों ने उसे अगवा कर एक मकान में बंधक बना लिया था और मारपीट की गई। इसके बाद उसे जब होश आया तो उसने अपने को अस्पताल में पाया था। पीड़ित ने बताया कि उसकी स्कूटी और मोबाइल गायब है। कोतवाल ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया लेन देन का विवाद लग रहा है। इस मामले में जिन दो लोगों पर आरोप है कि उनके न मिलने पर उनके परिवार की एक महिला समेत दो लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है।