मोहाली और हिमाचल प्रदेश के लिए भी
बदमाशों की तरफ से चली गोली से सिपाही भी हुआ घायल
बदमाशों के कब्जे से बाइक, तमंचे और कारतूस बरामद, डेढ़ माह पहले बाइक लूट में चल रहे थे वांछित
संवाद न्यूज एजेंसी
बाबरी (शामली)। बाबरी पुलिस व एसओजी की टीम के साथ मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इस दौरान बदमाशों की तरफ से चलाई गोली हाथ में लगने से सिपाही भी घायल हुआ। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से बाइक, दो तमंचे, कारतूस व चार खोखा बरामद किए। घायल दोनों बदमाश करीब डेढ़ माह पहले बाइक लूट की घटना में शामिल थे।
एसपी अभिषेक ने बताया कि रविवार रात करीब तीन बजे लोई नहर मार्ग पर पुलिस को बदमाशों के आने की सूचना मिली। इसपर थाना बाबरी पुलिस व एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया, जिस पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए जबकि बदमाशोंं की तरफ से चलाई गई गोली हाथ में लगने से सिपाही सुमित भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल सिपाही व दोनों बदमाशों को सीएचसी कुडाना में भर्ती कराया।
बदमाशों के कब्जे से बाइक, दो तमंचे, कारतूस बरामद हुए। एसपी ने बताया गिरफ्तार बदमाशों के नाम हेमंत उर्फ हेमू निवासी मोहल्ला जवाहर नगर कस्बा बनत थाना आदर्श मंडी और रोहित उर्फ पुष्पेंद्र निवासी गांव फतेहपुर थाना बाबरी है। दोनों बदमाश 22 अक्तूबर को बाबरी क्षेत्र में गांव खैड़ी बैरागी के निकट मुजफ्फरनगर से लौट रहे व्यवसायी बिंदर से बाइक लूटने की घटना में शामिल थे।
हिमाचल के सिपाही से लूटी थी कार
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि बाइक लूटने के बाद वे दोनों मोहाली गए थे और लूटी हुई बाइक को रुड़की रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर दी थी। 27 नवंबर को इस बाइक से थाना मंगलौर क्षेत्र में ढाबे के पास सड़क किनारे कार में सो रहे हिमाचल प्रदेश के सिपाही से हथियारों के बल पर कार लूट ली थी और बाइक को वहीं छोड़ दिया था। एसपी के मुताबिक इस घटना में शामिल एक बदमाश आरिश चौधरी उर्फ सोनू 28 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया था और एक बाल अपचारी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार रोहित पर 14 और हेमंत पर 15 मामले अलग-अलग थानों में दर्ज है।