शामली क्षेत्र के गांव सिक्का के पास बाइक में लगी आग
- फोटो : SHAMLI
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में गांव सिक्का के निकट ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर गिरने के बाद बाइक में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल गई। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कस्बा थानाभवन के मोहल्ला कस्सावान निवासी शमीम और मोहल्ला सैयादान निवासी हसरत बाइक पर सवार होकर किसी काम से शामली स्थित मंडी में आए थे। सुबह 11 बजे दोनों लोग बाइक से थानाभवन लौट रहे थे। जब वे आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में सिक्का के निकट पहुंचे तो घोड़ा बुग्गी को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आए ट्रक की चपेट में आकर सड़क पर गिर गए। वे दोनों उछलकर बाइक से दूर जा गिरे जबकि उनकी बाइक सड़क पर रगड़ती हुई कुछ दूर चली गई। रगड़ लगने और टंकी से पेट्रोल निकलने से बाइक में आग लग गई। आसपास के लोगों ने पानी व रेत आदि डालकर आग को बुझाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शमीम के हाथ और सीने में ज्यादा चोट आई है। आदर्श मंडी थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है।