बिडौली (शामली)। मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव केरटू के पास बृहस्पतिवार देर रात बाइक वाहन की चपेट में आकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों होटल से खाना लेकर आ रहे थे। परिजनों की तरफ से पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है।
झिंझाना थानाक्षेत्र गांव अहमदगढ़ निवासी हरिओम पुत्र गोपाल (20) और गांव खानपुर कलां निवासी प्रवीण पुत्र राजपाल (21) दो दिन पहले बिजनौर में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौटे थे। हरिओम अपने दोस्त प्रवीण के साथ गांव केरटू होटल से खाना और अन्य सामान लेने गए थे। वहां से देर रात करीब 11 बजे दोनों दोस्त बाइक से लौट रहे थे। हाईवे पर गांव केरटू के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में दोनों की मौत की जानकारी मिलने पर दोनों परिवारों में गम का माहौल बन गया। इस मामले में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
छह भाई बहनों में सबसे छोटा था हरिओम
हरिओम छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और काफी समय से पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। हरिओम के बहनोई हरिप्रकाश ने बताया कि परिवार में तीन बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बहन की अभी शादी नहीं हुई है। हरिओम भी अविवाहित था। हरिओम के पिता अपने बड़े बेटे ओमपाल के साथ मिलकर खेती-बाड़ी करते हैं।
प्रवीण को लेखपाल भर्ती की परीक्षा देने जाना था आज
प्रवीण के फुफेरे भाई मंगल ने बताया कि प्रवीण लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसे शुक्रवार को होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए बिजनौर जाना था। वह रेलवे विभाग, पुलिस भर्ती, एयर फोर्स परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
ई-रिक्शा पलटने से पांच घायल
झिंझाना। टपराना गोल चक्कर के पास ई-रिक्शा पलटने से उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। बुधवार रात करीब 11 बजे कस्बा झिंझाना निवासी शायर वसीम अन्य चार लोग ई-रिक्शा में सवार होकर शामली से झिंझाना लौट रहे थे। मेरठ-करनाल हाईवे पर टपराना गोल चक्कर के पास ब्रेकर से पहले मोड़ पर अचानक ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे में ई रिक्शा में सवार सभी लोग सड़क और डिवाइडर पर गिरकर घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया। संवाद
कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती व बेटा घायल
ऊन। कस्बे के बाईपास पर ईको गाड़ी व बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बाइक सवार मुस्तकीम अपने पुत्र मुन्ना व पत्नी के साथ झिंझाना से अपनी रिश्तेदारी में गंगोह जा रहा था। रास्ते में ऊन बाईपास पर बिजलीघर के पास तेज गति से आ रही ईको गाड़ी से बाइक की टक्कर मार दी, जिसमें मुस्तकीम, उसका पुत्र मुन्ना व पत्नी घायल हुई। पुलिस ने ईको गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। संवाद
बिडौली हादसे में मृतक हरिओम का फाइल फोटो। स्रोत परिजन