कैराना। कोतवाली क्षेत्र में कांधला मार्ग पर ऊंचा गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में कक्षा पांच के छात्र आहद (15) और मजदूर जावेद उर्फ अजीम (22) की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक सलमान (21) और जुनैद (22) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर किया है।
मोहल्ला अफगानान निवासी जावेद उर्फ अजीम, आहद, सलमान और जुनैद शनिवार शाम करीब छह बजे कांधला में मेला देखने गए थे। रात करीब दस बजे बाइकों से घर लौट रहे थे। ऊंचा गांव के पास अचानक असंतुलित होकर दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। हादसे में आहद के सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जावेद उर्फ अजीम ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घायल सलमान और जुनैद को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मोहल्ला अफगानान में शोक छा गया और परिजनों में गम का माहौल बना है। सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि हादसे में किशोर समेत दो लोगों की मौत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में अभी तक परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-दो भाइयों में छोटा था आहद
वार्ड नंबर-25 से सभासद उम्मैद ने बताया कि उनका भांजा आहद एक पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था। शाम के समय वह मोहल्ले के अन्य तीन युवकों के साथ कांधला मेला देखने गए थे। वहां से लौटते समय हादसे में मौत हो गई। जावेद उर्फ अजीम अविवाहित थे, उसके पिता की पहले मृत्यु हो चुकी है। जावेद राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करते थे।