पुलिसकर्मी का दो बार मेडिकल परीक्षण का मामला लखनऊ तक पहुंचा
शामली। करीब पांच माह पहले सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक विवाद में घायल हुए पुलिसकर्मी का दो बार मेडिकल परीक्षण कराने का मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। लखनऊ से डीजीपी शिकायत प्रकोष्ठ के एएसपी मनोज अवस्थी ने शामली पहुंचकर इस प्रकरण में विवेचक के बयान लिए और अस्पताल में पहुंचकर मेडिकल रिपोर्ट का परीक्षण किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली में करीब पांच माह पहले एक पुलिसकर्मी का मेडिकल परीक्षण कराया गया था। पुलिसकर्मी ने पारिवारिक विवाद में हमले कर घायल करने करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में दूसरे पक्ष ने पुलिसकर्मी का दो बार मेडिकल परीक्षण होने की शिकायत डीजीपी लखनऊ से करते हुए जांच की मांग की थी। रविवार को लखनऊ से डीजीपी शिकायत प्रकोष्ठ के एएसपी मनोज अवस्थी शामली पहुंचे। एएसपी ने शहर कोतवाली में पहुंचकर प्रकरण की जानकारी ली और पत्रावली का अवलोकन किया। एएसपी ने इस मामले की जांच करने वाले विवेचक के बयान दर्ज किए। इसके बाद एएसपी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पहुंचे और मेडिकल रिपोर्ट का अवलोकन किया। इसके बाद एएसपी शामली से लौट गए। इस संबंध में एएसपी शामली राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ से डीजीपी शिकायत प्रकोष्ठ के एएसपी मनोज अवस्थी कई माह पहले पुलिसकर्मी के साथ हुए विवाद की जांच के मामले में आए थे। जांच के बाद वे शामली से लौट गए।